PM Modi Security: मोदी के कार्यक्रम से पहले मुंबई में PMO के फर्जी ID और बंदूक के साथ 2 संदिग्ध गिरफ्तार
PM Modi Security: मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले बड़ी सुरक्षा चूक, पीएमओ के फर्जी ID और बंदूक के साथ 2 संदिग्ध गिरफ्तार।

PM Modi Security: मुंबई/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से ठीक पहले मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से जुड़े होने का दावा किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से पीएमओ का फर्जी पहचान पत्र भी जब्त किया गया है। नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जब संदिग्धों की जांच की तो एक के पास से फर्जी पहचान पत्र मिला। जानकारी के मुताबिक, दूसरे संदिग्ध के पास से एक बंदूक भी बरामद किया गया है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि मुंबई में नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। यहां प्रधानमंत्री मोदी का एक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है। उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। उसके साथ एक बॉडीगार्ड भी था, जिसके पास बंदूक थी। मामले में क्राइम भ्रांच आगे की जांच कर रही है।
आरोपी रोहन पारेख ड्रोन टेक का बिज़नेस करता है और खार इलाके में रहता है। मुंबई पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शख्स कल फर्जी पहचान पत्र लेकर वेन्यू के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस दौरान मुंबई पुलिस ने चेकिंग की और जांच में उसका पहचान पत्र नकली पाया. BKC थाने में दोनों संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का शुभारंभ करने वाले हैं, वे यहां कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
खबर अपडेट की जा रही है...


