तीन आदतन अपराधियों का हुआ जिला बदर, कई गंभीर अपराध है दर्ज
By : Vpb
Update: 2024-11-20 06:27 GMT
रायपुर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह की अनुशंसा पर तीन आदतन अपराधियों को तीन माह के लिए जिला बदर कर दिया है। इन अपराधियों में चंदन भारती (26) निवासी अटल आवास पठारीडीह थाना उरला, आशु छत्री (22) निवासी वाल्मीकि नगर थाना कबीर नगर, और मोहम्मद शहजाद उर्फ चिंगरी (25) निवासी अफरोज बाघ मौदहापारा थाना गंज शामिल हैं।
तीन माह के लिए जिला बदर का आदेश
डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5(ख) के तहत आदेश जारी करते हुए अपराधियों को 24 घंटे के भीतर रायपुर और समीपवर्ती जिलों दुर्ग, धमतरी, बलौदा बाजार और महासमुंद से बाहर जाने का निर्देश दिया। आदेश की अवहेलना करने पर वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
चंदन भारती, साल 2014 से अब तक मारपीट, चाकूबाजी, गुंडागर्दी और अवैध शराब बिक्री के कुल 18 अपराध दर्ज हैं। आशु छत्री, साल 2015 से हत्या के प्रयास, मारपीट, चाकूबाजी, धमकी, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 20 अपराध पंजीबद्ध हैं। मोहम्मद शहजाद उर्फ चिंगरी, साल 2015 से लगातार मारपीट, चाकूबाजी, गुंडागर्दी और चोरी जैसे कुल 14 अपराध दर्ज हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के अन्य आदतन अपराधियों के खिलाफ भी जिला बदर की प्रक्रिया जारी है। इससे पहले अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मोहम्मद शहजाद को जिला बदर किया गया था। पुलिस द्वारा अन्य अपराधियों के विरुद्ध प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय भेजा गया है।