Tamil Nadu : चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा राजनीतिक संकट सामने आया है। विधानसभा में विश्वास मत के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले अन्नाद्रमुक (AIADMK) नेताओं और विधायकों पर पार्टी नेतृत्व ने सख्त कार्रवाई की है। पार्टी महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) ने वरिष्ठ नेता सीवी षणमुगम, एसपी वेलुमणि और एमआर विजयभास्कर समेत कई नेताओं को संगठनात्मक पदों से हटा दिया है।

सूत्रों के अनुसार, फ्लोर टेस्ट के दौरान AIADMK के 25 विधायकों ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए मुख्यमंत्री विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) सरकार के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद टीवीके सरकार को सदन में 144 विधायकों का समर्थन मिल गया, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा है।

पार्टी नेतृत्व ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। इन विधायकों के स्थान पर नए जिला सचिवों की नियुक्ति भी कर दी गई है। कार्रवाई की जद में कुल 29 नेता आए हैं, जिनमें 13 मौजूदा विधायक शामिल बताए जा रहे हैं।

बागी नेता सीवी षणमुगम ने दावा किया कि टीवीके और AIADMK का वैचारिक एजेंडा समान है और दोनों डीएमके को राज्य के लिए नुकसानदायक मानते हैं। वहीं विपक्ष ने सरकार पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।

Tags: