सीआरपीएफ जवान ने मोर्चा ड्यूटी के दौरान खुद को मारी गोली, कारणों की जांच जारी
By : Vpb
Update: 2024-10-25 01:02 GMT
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित पतरपारा में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन के प्रधान आरक्षक पवन कुमार (44) ने गुरुवार को मोर्चा ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पवन कुमार ने एके-47 राइफल से खुद पर चार से पांच गोलियां चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान के साथियों ने गोली की आवाज सुनकर मोर्चे की ओर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक पवन कुमार ने दम तोड़ दिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जवान के पार्थिव शरीर को बीजापुर जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को एम्बोम्बिंग के लिए जगदलपुर के मेकाज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे उनके गृह जिले हरियाणा के रेवाड़ी भेजा जाएगा।
सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, पवन कुमार पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर शांत और चिंतित थे, लेकिन आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पवन कुमार सीआरपीएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर तैनात थे।