RSS की प्रांत प्रचारकों की बैठक 4 से, जानें किस मुद्दे पर होगी चर्चा

By :  Vpb
Update: 2025-06-24 06:03 GMT

RSS: नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक 4 से 6 जुलाई 2025 तक दिल्ली के केशवकुंज कार्यालय में आयोजित होगी। आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में देशभर के 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के प्रचारक, सह-प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक, सह-क्षेत्र प्रचारक और संघ से संबद्ध संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भाग लेंगे।


शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर विशेष ध्यान

बैठक में मार्च 2025 की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के बाद अप्रैल, मई और जून में हुए प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा होगी। इसके साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के कार्यक्रमों की योजना और सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के प्रवास की रूपरेखा पर चर्चा होगी। शताब्दी वर्ष के आयोजन विजयादशमी 2025 से शुरू होकर विजयादशमी 2026 तक चलेंगे।

प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, सी.आर. मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त, आलोक कुमार, अतुल लिमये और अखिल भारतीय कार्य विभाग के प्रमुख व कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे। सरसंघचालक 28 जून को दिल्ली पहुंचेंगे। यह बैठक संघ की भावी रणनीति और शताब्दी वर्ष की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण है।

Tags:    

Similar News