Rajya Sabha Polls: अमरावती। आंध्र प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने आगामी चुनाव के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने चिंतकायला विजय, भाष्यम रामकृष्ण और मौजूदा राज्यसभा सदस्य साना सतीश को उम्मीदवार बनाया है।

चिंतकायला विजय लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और वर्तमान में टीडीपी के प्रदेश महासचिव हैं। वहीं भाष्यम रामकृष्ण शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नाम हैं और कई शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करते हैं। तीसरे उम्मीदवार साना सतीश को पार्टी ने दूसरी बार मौका देकर उन पर अपना भरोसा जताया है।

उम्मीदवारी घोषित होने के बाद विजय ने चंद्रबाबू नायडू और नारा लोकेश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्मान देती है। उन्होंने राज्यसभा में आंध्र प्रदेश और पार्टी के हितों को मजबूती से उठाने का भरोसा दिलाया। आंध्र प्रदेश में एनडीए गठबंधन ने चार राज्यसभा सीटों में से तीन सीटें टीडीपी और एक सीट जन सेना पार्टी को देने का फैसला किया है। विधानसभा में गठबंधन के मजबूत बहुमत को देखते हुए इन सीटों पर उसकी स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव के बाद राज्यसभा में टीडीपी की ताकत और प्रभाव बढ़ सकता है।

Tags: