Quetta Railway Track Blast : पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास भीषण धमाका, 23 लोगों की मौत; कई घायल
Quetta Railway Track Blast : क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हमले में 23 लोगों की मौत हो गई और 47 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के मारे भागने लगे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे
रेल अधिकारियों के मुताबिक, क्वेटा कैंट से चमन फाटक की ओर जा रही शटल ट्रेन को निशाना बनाया गया। धमाके के कारण इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं। राहत और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फंसे यात्रियों को निकालना शुरू किया।
सरकारी और सुरक्षा बल की प्रतिक्रिया
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि धमाका किस प्रकार हुआ। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बलूचिस्तान क्षेत्र लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है।
रेल मंत्री ने जताई निंदा
पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे कायराना आतंकी हमला बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के हमले पाकिस्तान रेलवे के कामकाज को प्रभावित नहीं कर सकते। फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ट्रक और राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई हैं। रेल मंत्री ने अधिकारियों से इस घटना की रिपोर्ट मांगी और आश्वासन दिया कि ट्रेन सेवाएं बाधित नहीं होंगी।
राहत कार्य जारी
पूरा क्वेटा क्षेत्र घेर लिया गया है और राहत कार्य जारी है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि घायल यात्रियों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।