One Nation, One Election: लोकसभा में वोटिंग के दौरान गायब रहने वाले बीजेपी सांसदों को नोटिस, इनमें 2 छत्तीसगढ़ से

By :  Vpb
Update: 2024-12-18 00:34 GMT

One Nation, One Election: नई दिल्ली: लोकसभा में वन नेशन-वन इलेक्शन (एक राष्ट्र, एक चुनाव) बिल पेश किया गया, लेकिन इस दौरान 20 से ज्यादा बीजेपी सांसद वोटिंग के वक्त अनुपस्थित रहे। अब पार्टी ने इन सांसदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस भेजा है। नोटिस प्राप्त करने वाले सांसदों में छत्तीसगढ़ के दुर्ग से सांसद विजय बघेल और रायगढ़ से सांसद राधेश्याम राठिया शामिल हैं। इसके अलावा, जिन बड़े बीजेपी नेताओं को नोटिस भेजा गया है, उनमें जगदंबिका पाल, शांतनु ठाकुर, गिरिराज सिंह, और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे नाम शामिल हैं।

यहां तक कि मंत्री भागीरथ चौधरी, जो पीएम के कार्यक्रम में जयपुर में थे, को भी नोटिस जारी किया गया। यह संकेत है कि पार्टी अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे महत्वपूर्ण मौके पर सांसदों की अनुपस्थिति को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि पार्टी ने वन नेशन-वन इलेक्शन बिल पेश करने से पहले सभी सांसदों को संसद में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया था। इसके बावजूद, कई सांसद वोटिंग के समय संसद में मौजूद नहीं थे।


One Nation, One Election: संविधान संशोधन बिल पर हुआ हंगामा

लोकसभा में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 पेश किया। इस दौरान विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और इस बिल का विरोध किया। वहीं, एनडीए के सहयोगी दल जैसे शिवसेना और तेलुगु देशम पार्टी ने इस बिल के पक्ष में मजबूती से समर्थन किया। डिवीजन वोटिंग के बाद, बिल को लोकसभा में पेश किया जा सका और फिर इसे संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा गया।

Tags:    

Similar News