Nagaland Assam Rifles IED Blast: नागालैंड में असम राइफल्स के काफिले पर हमला, IED धमाके में एक जवान शहीद, चार घायल

By :  Vpb
Update: 2026-07-13 16:34 GMT

Nagaland Assam Rifles IED Blast: नई दिल्ली: नागालैंड के चुमौकेदिमा जिले में सोमवार को असम राइफल्स के काफिले के पास संदिग्ध आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट हुआ। हादसे में एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब असम राइफल्स का काफिला नियमित गश्त के बाद सोखुवी इलाके से दीमापुर लौट रहा था। धमाके के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू

घटना के तुरंत बाद असम राइफल्स, नागालैंड पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हमला

पूर्वोत्तर में एक सप्ताह के भीतर असम राइफल्स पर यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 6 जुलाई को मणिपुर के उखरूल जिले में काफिले पर हुए हमले में वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार सी.एम. सिंह शहीद हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और जांच जारी है।

Tags:    

Similar News