Road Accident in Thailand: नई दिल्ली: थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां 11 साल का एक लड़का पिकअप ट्रक चला रहा था। इसी दौरान उसकी गाड़ी तीर्थयात्रा पर जा रहे भिक्षुओं के एक समूह पर चढ़ गई। इस हादसे में 9 भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

हादसे में कई लोग घायल

मुकदहन प्रांत के गवर्नर वोरयान बूननारत के अनुसार, कुल 35 भिक्षु पदयात्रा पर निकले थे। हादसे में 5 भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन भिक्षुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे से पहले शुरू हुई थी पदयात्रा

भिक्षुओं का यह समूह हादसे से करीब 30 मिनट पहले 260 किलोमीटर लंबी तीर्थयात्रा पर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर सीधे भिक्षुओं से टकरा गया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने 11 साल के लड़के को हिरासत में ले लिया है। चूंकि वह नाबालिग है, इसलिए बाल सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Tags: