Landslide on Kedarnath Road: नई दिल्ली: गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास मंगलवार को एक भीषण हादसा हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने से पांच मजदूर खाई में जा गिरे। इस दुर्घटना में जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के दो पालकी मजदूरों, नितिन कुमार (18 वर्ष) पुत्र रावेल सिंह और चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में संदीप कुमार (पुत्र दया कृष्णा, डोडा, जम्मू-कश्मीर), आकाश चितरीय (पुत्र दामोदर दास, भावनगर, गुजरात) और नितिन मन्हास (पुत्र मनजीत, डोडा, जम्मू-कश्मीर) शामिल हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने पुष्टि की कि भूस्खलन के कारण यह हादसा हुआ।

स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से प्री-मानसून बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 19 जून को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज गर्जना की चेतावनी दी थी, साथ ही बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून तक ऐसी ही मौसमी स्थिति बनी रहेगी।

Tags: