Jharkhand News : 50 हजार की पहली किस्त बनी गिरफ्तारी की वजह, महिला थाना प्रभारी को ACB ने रंगे हाथ दबोचा
Jharkhand News : खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक आपराधिक मामले से नाम हटाने के एवज में उन्होंने शिकायतकर्ता से 4.50 लाख रुपये की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, हुरलुंग (तारो सिलादोन) निवासी श्याम कुमार ने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि खूंटी महिला थाना में दर्ज कांड संख्या 06/2025 से उनका नाम हटाने के बदले थाना प्रभारी ने मोटी रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त थाना प्रभारी को सौंपी। जैसे ही सुलेखा कुमारी सपना ने रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद महिला थाना परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी थाना प्रभारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि खूंटी महिला थाना रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। वर्ष 2021 में भी तत्कालीन महिला थाना प्रभारी को एसीबी ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर हुई कार्रवाई ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।