Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Jharkhand News : JMM जिलाध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में मिला शव, AK-47 से चली थी गोली

हजारीबाग के उरीमारी में हुई घटना, पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी; हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं की हो रही पड़ताल

Jharkhand News : JMM जिलाध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में मिला शव, AK-47 से चली थी गोली
X

Jharkhand News : हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में झामुमो (JMM) के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड निरंजन महतो की गोली लगने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित एक घर में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। कमरा अंदर से बंद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि जवान की मौत आत्महत्या से हुई या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है।

जानकारी के मुताबिक, निरंजन महतो हजारीबाग पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात थे और JMM जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, ताकि जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।

AK-47 से चली गोली, जांच के दायरे में कई पहलू

हजारीबाग के एसपी अमन कुमार के अनुसार, घटना में AK-47 हथियार का इस्तेमाल हुआ है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। वहीं, पुलिस एसोसिएशन, झारखंड के संयुक्त महामंत्री उपेंद्र नाथ मिश्रा ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आशंका जताई कि हथियार साफ करने के दौरान यह घटना हुई हो सकती है। उनके अनुसार, मौके पर हथियार की सफाई में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री भी दिखाई दी। हालांकि, उन्होंने भी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष मामले में अहम साबित हो सकते हैं। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire