Jharkhand News : ACB की कार्रवाई, 15 हजार की रिश्वत लेते थाना प्रभारी गिरफ्तार
बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार पर केस में मदद के बदले रिश्वत मांगने का आरोप, शिकायत सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल और रंगेहाथ दबोचा.
Jharkhand News : चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक मामले में मदद करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए जाने पर ब्यूरो ने ट्रैप की योजना तैयार की।
तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये लिए, वहां मौजूद ACB की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की।
ACB की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि उन्हें कार्रवाई की जानकारी मिली है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी ने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ACB की टीम आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।