Jharkhand Crime : बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा में गुरुवार रात एक रिटायर्ड डीवीसी कर्मी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने डीवीसी के आवासीय क्वार्टर एचएम/14 में घुसकर परिवार को निशाना बनाया। गोलीबारी में रिटायर्ड डीवीसी कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल है।

घटना चंद्रपुरा के पश्चिम पल्ली इलाके की बताई जा रही है। वारदात के वक्त रात करीब 8:30 बजे तेज बारिश हो रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी ने नरेश सिन्हा के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। परिवार के तीनों सदस्य गोलीबारी की चपेट में आ गए।

फायरिंग में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त नवीन महतो के मुताबिक, रोहित को चार गोलियां लगी हैं। उसे इलाज के लिए बोकारो भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रंजन कुमार के अनुसार, पुलिस को गोलीबारी और पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कई खोखे मिले हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की संख्या, फायरिंग के तरीके, इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात के मकसद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं। घटना के बाद पश्चिम पल्ली इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच बढ़ा दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags: