Jharkhand Crime : केनरा बैंक में दिनदहाड़े डकैती, नकदी और गिरवी रखा सोना लेकर फरार हुए अपराधी
गोलमुरी शाखा में पांच हथियारबंद नकाबपोशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर वारदात को दिया अंजाम, एक कर्मचारी घायल
Jharkhand Crime : जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार को केनरा बैंक की गोलमुरी शाखा में दिनदहाड़े हुई डकैती से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांच हथियारबंद और नकाबपोश अपराधी बैंक में दाखिल हुए और कर्मचारियों व ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।
कैश और लॉकर में रखा सोना लूटा
बैंक के अंदर पहुंचने के बाद आरोपियों ने कैश काउंटर से नकदी बटोरी। इसके बाद लॉकर खुलवाकर ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया सोना भी अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, बैंक प्रबंधन और पुलिस ने अभी तक लूटे गए कैश और सोने की कुल कीमत का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
कर्मचारी पर किया हमला
वारदात के दौरान अपराधियों ने एक बैंक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि एक कर्मचारी को रिवॉल्वर की बट से चोट लगी, जिसके बाद वह घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद पांचों आरोपी बैंक से बाहर निकले और पैदल फरार हो गए।
CCTV और फॉरेंसिक जांच शुरू
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक परिसर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस बैंक के साथ आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग भी बढ़ा दी गई है।
लूट की वास्तविक रकम का इंतजार
बैंक प्रबंधन फिलहाल कैश और सोने का मिलान कर रहा है। मिलान पूरा होने के बाद ही लूट की वास्तविक रकम सामने आएगी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।