India-Nepal Payment Service: नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच डिजिटल भुगतान व्यवस्था में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। दोनों देशों ने क्रॉस-बॉर्डर पीयर-टू-पीयर (P2P) रेमिटेंस सिस्टम की शुरुआत की है, जिसके तहत अब भारत का यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और नेपाल का नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (NPI) आपस में जुड़ गए हैं। इस नई व्यवस्था से दोनों देशों के नागरिक और व्यापारी रियल-टाइम में सुरक्षित और तेज़ डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।

इस सुविधा को NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) और नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड (NCHL) के सहयोग से लागू किया गया है। अब उपयोगकर्ता मोबाइल नंबर, UPI आईडी या वर्चुअल पेमेंट एड्रेस के जरिए आसानी से पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे। इससे नकद लेन-देन और करेंसी एक्सचेंज की जरूरत काफी कम हो जाएगी। इस डिजिटल कॉरिडोर का सबसे बड़ा लाभ यात्रियों और छोटे व्यापारियों को मिलेगा, जिन्हें अब बड़ी मात्रा में कैश रखने या महंगे ट्रांजैक्शन शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी। सीमावर्ती व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।

फिलहाल यह सेवा चुनिंदा बैंकों जैसे एवेरेस्ट बैंक, नबील बैंक और नेपाल SBI बैंक के माध्यम से शुरू की गई है। लेन-देन सीमा भी तय की गई है, जिसमें भारत से नेपाल अधिक राशि भेजी जा सकती है, जबकि नेपाल से भारत भेजने पर मासिक सीमा लागू है।

Tags: