Huge Fire in Firecracker Warehouse: नागपुर के महल क्षेत्र में शनिवार शाम जय कमल कॉम्प्लेक्स की चार मंजिला इमारत में पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से दो लोगों, गिरीश खत्री (35) और विठ्ठल धोटे (25), की जिंदा जलकर मौत हो गई। गुणवंत नागपुरकर (28) गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ जमा होने और रहवासी इमारत होने के कारण कई लोग फंस गए थे, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया। गोदाम में पटाखे, हैलोजन लाइट्स और इलेक्ट्रिक सामान रखा था। सूत्रों के अनुसार, वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग लगी, जो तेजी से फैल गई।

आग और धुएं से गिरीश और विठ्ठल बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई। चार फायर ब्रिगेड की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इमारत को सुरक्षा के लिए रात भर खाली कराया गया। लोगों ने बताया कि पटाखा गोदाम की शिकायत के बावजूद नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। दमकल विभाग आग के कारणों की जांच कर रहा है।

Tags: