FBI Reward on Goldy Brar: नई दिल्ली: अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को वांटेड घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी पर 50,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 47 लाख रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है। एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास गोल्डी बराड़ के ठिकाने या उसकी गतिविधियों की पक्की जानकारी हो तो वह एफबीआई से संपर्क करे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है आरोपी

एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तर अमेरिका में प्रमुख संचालक है। एजेंसी का दावा है कि यह गिरोह अमेरिका और कनाडा में हत्या, जबरन वसूली, अपहरण, गोलीबारी, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। बताया गया है कि गोल्डी बराड़ के संबंध अमेरिका, कनाडा, भारत और मैक्सिको तक फैले हुए हैं।

कई गंभीर मामलों में है वांछित

एफबीआई ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को कैलिफोर्निया की एक अदालत ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर संगठित अपराध की साजिश, जबरन वसूली, व्यापार में बाधा पहुंचाने और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं। वह अमेरिका की 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' कार्रवाई के तहत भी वांछित है।


निज्जर हत्याकांड में भी आरोप

अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई ने 2023 में कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक दोनों की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Tags: