CJP announces Parliament march: कॉकरोच जनता पार्टी का 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान, सोनम वांगचुक करेंगे नेतृव, जंतर-मंतर पर 20वें दिन भी प्रदर्शन जारी

By :  Vpb
Update: 2026-07-09 13:37 GMT

CJP announces Parliament march: नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के विरोध में चल रहा प्रदर्शन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने घोषणा की है कि 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर से संसद भवन तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा।

छात्रों और अभिभावकों से शामिल होने की अपील

सीजेपी ने देशभर के छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है। संगठन की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और कथित परीक्षा गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच है।

सोनम वांगचुक भी होंगे शामिल

प्रसिद्ध शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस संसद मार्च में शामिल होंगे। वह 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे 20 जुलाई को शांतिपूर्ण मार्च में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें।

प्रदर्शन को मिला राजनीतिक समर्थन

सीजेपी ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों को तिरपाल लगाने से रोकने का आरोप लगाया है। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत और माकपा नेता सुभाषिनी अली ने जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया। अरविंद सावंत ने भरोसा दिलाया कि वह संसद के मानसून सत्र में इस मुद्दे को उठाएंगे। इस बीच, आंदोलन के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Tags:    

Similar News