BSF-BGB Discuss: नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बलों ने सीमा पार अपराधों, अवैध गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है। नई दिल्ली में 8 से 11 जून तक आयोजित 57वीं डायरेक्टर जनरल स्तरीय बॉर्डर कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने किया, जबकि बांग्लादेश की ओर से बीजीबी प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज़्ज़मान सिद्दीकी ने भाग लिया। सम्मेलन में सीमा पार तस्करी, मानव तस्करी, अवैध घुसपैठ, नकली मुद्रा, हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त गश्त, निगरानी तंत्र को मजबूत करने और रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने पर सहमति जताई। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय लोगों को अंतरराष्ट्रीय सीमा के नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और समन्वित सीमा प्रबंधन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सम्मेलन सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ और दोनों देशों ने भविष्य में भी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। अगला डीजी स्तरीय सम्मेलन नवंबर 2026 में ढाका में आयोजित किया जाएगा।

Tags: