Badrinath Highway accident: ऋषिकेश: उत्तराखंड के बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी स्थित कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 27 लोग सवार थे।

पुलिस के अनुसार, बस बदरीनाथ से हरिद्वार लौट रही थी। इसी दौरान ड्राइवर की तरफ की खिड़की अचानक खुल गई। खिड़की बंद करने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में सात यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

घायल यात्रियों में सोनम गुप्ता, मुन्नी देवी, चंद्र प्रकाश गुप्ता, संजय चौरसिया, सीता देवी, शबनम और मनीष गिरी शामिल हैं। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बस को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करा दिया है।

Tags: