Amarnath Yatra 2026: नई दिल्ली : अमरनाथ यात्रा 2026 शुरू होने से पहले बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बने हिम शिवलिंग के दिव्य दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 10 से 12 फीट ऊंचे हिम शिवलिंग के साथ माता पार्वती और गणेश जी की आकृतियां भी दिखाई दे रही हैं। गुफा की बर्फीली दीवारें और टपकती जलधाराएं भक्तों को भावविभोर कर रही हैं। माना जा रहा है कि यह वीडियो सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे जवानों या अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर

हर साल की तरह इस बार भी बाबा बर्फानी का पूर्ण आकार में प्रकट होना बेहद शुभ संकेत माना जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद देशभर के शिव भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा बर्फानी” के जयकारों की गूंज है। श्रद्धालु इसे यात्रा शुरू होने से पहले बाबा के विशेष आशीर्वाद के रूप में देख रहे हैं।

3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा

श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के अनुसार 57 दिवसीय यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से पंजीकरण जारी है और अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं।

Tags: