Ahmedabad Plane Crash: पिता के शव की पहचान के लिए भारत पहुंचे पूर्व सीएम विजय रूपाणी के बेटे, DNA सैंपल देंगे

By :  Vpb
Update: 2025-06-14 01:10 GMT

Ahmedabad plane crash: अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे में 241 लोगों की जान चली गई। हादसे के दो दिन बाद भी अधिकांश शवों की पहचान नहीं हो सकी है, क्योंकि शव बुरी तरह जल चुके हैं। शवों की शिनाख्त के लिए मेडिकल टीम DNA टेस्ट कर रही है। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई थी। उनके शव की पहचान के लिए उनके बेटे ऋषभ रूपाणी गांधीनगर पहुंच चुके हैं।

ऋषभ रूपाणी आज सुबह 11 बजे बीजे मेडिकल कॉलेज के कासटी भवन में DNA टेस्ट के लिए ब्लड सैंपल देने वाले हैं। माना जा रहा है कि इससे उनके पिता के शव की शिनाख्त जल्द हो सकेगी। अब तक 7 शवों की पहचान हो चुकी है, जिन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। सिविल अस्पताल में DNA सैंपलिंग की प्रक्रिया जोरों पर है। मेडिकल अधिकारियों के अनुसार, 241 शवों की DNA प्रक्रिया जल्द पूरी होने वाली है। DNA रिपोर्ट मिलते ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर परिजन अपनों के शवों का इंतजार कर रहे हैं। अस्पताल में केवल मृतकों के परिजनों और DNA सैंपल लेने वाले डॉक्टरों को ही अंदर जाने की अनुमति है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि प्रक्रिया में कोई व्यवधान न हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर में विजय रूपाणी के परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने X पर लिखा, "विजयभाई का हमारे बीच न होना अकल्पनीय है। मैं उन्हें दशकों से जानता था। हमने साथ मिलकर कई चुनौतियों का सामना किया। वे विनम्र, मेहनती और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित थे।" हादसे ने पूरे गुजरात को झकझोर दिया है। प्रशासन और मेडिकल टीमें शवों की शिनाख्त और परिजनों को सहायता प्रदान करने में जुटी हैं।

Tags:    

Similar News