US: युद्ध के विरोध में इस्तीफा देने वाले अमेरिकी अधिकारी के खिलाफ एफबीआई ने शुरू की जांच, खुफिया जानकारी लीक करने का लगाया आरोप
US: नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी/तेहरान: ईरान के साथ संभावित युद्ध का विरोध करते हुए अपने पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व वरिष्ठ आतंकवाद-रोधी अधिकारी जो केंट की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उन पर खुफिया जानकारी लीक करने का संदेह जताया गया है, जिसके चलते एफबीआई ने जांच शुरू कर दी है। केंट ने हाल ही में नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के निदेशक पद से इस्तीफा दिया था, जिसके तुरंत बाद यह कार्रवाई शुरू हुई।
US: केंट ने अपने इस्तीफे में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि यह युद्ध अमेरिका के हित में नहीं है। उनका मानना है कि ईरान से अमेरिका को कोई तात्कालिक खतरा नहीं था और यह संघर्ष इजराइल तथा उसके प्रभावशाली लॉबी के दबाव में शुरू किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2004 के बाद ईरान ने परमाणु हथियार बनाने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया है।
US: इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने केंट की आलोचना करते हुए उन्हें सुरक्षा मामलों में कमजोर बताया। प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी केंट के बयान से दूरी बना ली है। अमेरिका में खुफिया जानकारी लीक करना गंभीर अपराध माना जाता है और इसके तहत जासूसी कानून के अंतर्गत कड़ी सजा, यहां तक कि आजीवन कारावास भी हो सकता है। जांच के नतीजों के आधार पर केंट के खिलाफ आगे कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

