UP News : पलभर की लापरवाही पड़ी भारी, वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत
UP News : रायबरेली। रायबरेली में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पार करना दो युवकों को भारी पड़ गया। तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन ओवरब्रिज के नीचे की है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही वंदे भारत ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान निराला नगर निवासी मिराज (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल का इलाज जारी है।

