MP Accident : तेज रफ्तार हाइवा ने कार को मारी टक्कर, 4 की मौत
- Rohit banchhor
- 30 Apr, 2026
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं
MP Accident : कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। बड़वारा थाना क्षेत्र के बसाडी गांव के पास सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा डंपर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया गांव निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। देर रात करीब 2 बजे वे कार से अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन बसाडी चौराहे के पास सामने से आ रहे डंपर ने लापरवाही और तेज रफ्तार में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में अनिल, राकेश और अरुण रघुवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाद में इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

