Ind vs Ban 1st Test Day 2: दूसरे दिन का खेल ख़त्म, दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे रोहित कोहली, भारत के पास 308 रनों की बढ़त
Ind vs Ban 1st Test Day 2: खेल डेस्क: चेन्नई टेस्ट के दूसरे दिन भारत की पहली पारी 376 रनों पर सिमट गई। इसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और केवल 149 रनों पर ढेर हो गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 227 रनों की बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही, कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 17 गेंदों पर 10 रन बनाए और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में पवेलियन लौट गए। विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर सके और 37 गेंदों पर 17 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 81 रन बना लिए हैं, जिसमें शुभमन गिल 33 और ऋषभ पंत 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने कुल 308 रनों की बढ़त बना ली है।
Ind vs Ban 1st Test Day 2: बांग्लादेश की पहली पारी संघर्षपूर्ण
बल्लेबाजी के लिए आई बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही, जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में शादमान इस्लाम को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद आकाश दीप ने जाकिर हसन और मोमिनुल हक को एक ही ओवर में चलता किया। लंच के बाद मोहम्मद सिराज ने शांतो को आउट कर बांग्लादेश को चौथा झटका दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने मुशफिकुर को पवेलियन भेजा। रविंद्र जडेजा ने सेट बल्लेबाज लिटन दास और शाकिब अल हसन को पवेलियन भेज दिया। बुमराह ने हसन को और सिराज ने नाहिद राणा को क्लीन बोल्ड कर बांग्लादेश की पारी का अंत किया। भारत के लिए बुमराह ने 4 विकेट लिए, जबकि सिराज, जडेजा और आकाश दीप को 2-2 विकेट मिले। बांग्लादेश की ओर से शाकिब अल हसन ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए।
Ind vs Ban 1st Test Day 2: भारतीय पारी में अश्विन और जडेजा का शानदार योगदान
भारत की पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन ने 113 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रविंद्र जडेजा ने 86 और यशस्वी जायसवाल ने 56 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने 5 विकेट झटके, जबकि तस्कीन अहमद ने 3 विकेट लिए। पहले दिन भारत का स्कोर 144/6 था, लेकिन अश्विन और जडेजा की 199 रनों की साझेदारी ने टीम को 376 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। दूसरे दिन तस्कीन अहमद बांग्लादेश के बॉलिंग अटैक के हीरो रहे, जिन्होंने चार में से तीन विकेट लिए।

