CG News : बिस्तर से गायब हुआ मासूम, बाल्टी में मिली लाश, एक पल की चूक बनी जिंदगी भर का दर्द
- Rohit banchhor
- 05 Apr, 2026
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।
CG News : अंबिकापुर। अंबिकापुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक 11 महीने के मासूम की जान चली गई। यह हादसा हर माता-पिता को सतर्क रहने की चेतावनी देता है।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झिरमिटी निवासी दीपक तिर्की अपनी पत्नी और 11 माह के बेटे अंश के साथ शहर के लक्ष्मीपुर इलाके में किराए के मकान में रहता था। देर रात करीब 2:30 बजे काम से लौटने के बाद उसने बेटे को अपने और पत्नी के बीच सुलाया। सुबह तड़के जब मां सुनीता की आंख खुली, तो बिस्तर से बेटा गायब था।
घबराकर उसने पूरे कमरे में तलाश शुरू की। तभी उसकी नजर पानी से भरी बाल्टी पर पड़ी और वहां का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम का सिर बाल्टी के अंदर डूबा हुआ था और पैर बाहर की ओर थे।
आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाला गया, पिता ने उसे बचाने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।

