CG Weather News : छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक, बारिश, बिजली और ओलों का अलर्ट, जाने रायपुर का हाल
- Rohit banchhor
- 04 Apr, 2026
कुछ जगहों पर तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आज प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, वहीं कुछ जगहों पर तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम करीब 38 सेल्सियस और न्यूनतम 25 सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।
शनिवार को कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। राहत की बात ये है कि आने वाले 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सबसे ज्यादा तापमान 40 सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर मध्य प्रदेश से उत्तरी विदर्भ तक बनी द्रोणिका और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के पास सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम इस बदलते मौसम का मुख्य कारण है।

