CG News : CGMC की अव्यवस्था पर भड़के JDA अध्यक्ष, डॉक्टरों के सम्मान से हो रहा खिलवाड़, अब बर्दाश्त नहीं
- Rohit banchhor
- 04 Apr, 2026
प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के चिकित्सक समाज के सम्मान पर सीधा आघात है।
CG News : रायपुर। डॉ. रेशम सिंह, अध्यक्ष JDA छत्तीसगढ़ ने छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अव्यवस्थित और शर्मनाक” बताया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के चिकित्सक समाज के सम्मान पर सीधा आघात है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर डॉक्टर दिन-रात जनता की सेवा में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने ही वैधानिक रजिस्ट्रेशन और प्रमाणपत्रों के लिए महीनों तक भटकने को मजबूर हैं। छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल की वर्तमान व्यवस्था को उन्होंने पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
डॉ. सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश के MBBS, PG, विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को एक ऐसे किराए के भवन में बुलाया जा रहा है, जहां मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। न पर्याप्त जगह है, न पार्किंग, न रिकॉर्ड की सुरक्षा और न ही बैठने की व्यवस्था। इतना ही नहीं, महज 2-3 कर्मचारियों के भरोसे हजारों डॉक्टरों का काम चलाया जा रहा है, जिससे सामान्य कार्यों में 3-4 महीने की देरी हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह देरी डॉक्टरों के करियर, नियुक्ति और प्रमोशन पर सीधा असर डाल रही है, और अब चिकित्सकों का धैर्य जवाब दे रहा है।
JDA छत्तीसगढ़ ने श्याम बिहारी जायसवाल से मांग की है कि CGMC कार्यालय को तत्काल जर्जर किराए की व्यवस्था से हटाकर रायपुर मेडिकल कॉलेज या अंबेडकर अस्पताल परिसर के आसपास किसी उपयुक्त सरकारी भवन में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति और समयबद्ध ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रणाली लागू करने की भी मांग की गई है। डॉ. रेशम सिंह ने साफ कहा कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों के हित में बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।

