UP News : सीएम योगी की बड़ी सौगात, कोटेदारों का बढ़ा कमीशन, ई-पॉस आधारित फीडबैक सिस्टम की शुरुआत

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के राशन दुकानदारों यानी उचित मूल्य विक्रेताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है।

Update: 2026-08-17 08:33 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के राशन दुकानदारों यानी उचित मूल्य विक्रेताओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। सरकार ने राशन दुकानदारों का कमीशन ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल करने का फैसला किया है। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की भी शुरुआत की गई। सरकार का कहना है कि इससे राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और कोटेदारों की भूमिका को और मजबूत किया जाएगा।

CM योगी बोले- गलती किसी और की, भुगतना पड़ता था कोटेदारों को

राशन दुकानदारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले राशन दुकानदारों को अक्सर संदेह की नजर से देखा जाता था और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन व्यवस्था में अगर कहीं गड़बड़ी होती थी तो उसका खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ता था, जबकि वास्तविक भ्रष्टाचार कहीं और होता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पारदर्शिता और तकनीक के जरिए इस धारणा को बदलने का काम किया है।

ई-पॉस मशीन से बढ़ी पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है। ई-पॉस मशीनों की शुरुआत से लाभार्थियों और राशन वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिली है। अब एफसीआई के गोदाम से राशन को सीधे उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंचाने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और राशन वितरण की निगरानी आसान हुई है। इसी कड़ी में अब ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली शुरू की गई है, जिससे लाभार्थियों की प्रतिक्रिया भी दर्ज की जा सकेगी।

राशन की दुकान बनेगी ‘अन्नपूर्णा भवन’

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुरूप उचित मूल्य की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत दुकान के साथ भंडारण के लिए गोदाम की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे राशन दुकानदारों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी और खाद्यान्न के भंडारण एवं वितरण की प्रक्रिया भी ज्यादा व्यवस्थित हो सकेगी।

बेसिक शिक्षा में भी बदलाव का दावा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया है। स्कूलों में फर्श, शौचालय, फर्नीचर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम हुआ है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, करीब 1.60 करोड़ बच्चों को स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और स्वेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ बच्चों के स्कूल में बने रहने पर भी जोर दे रही है।

15 करोड़ लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन: CM योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निराश्रित और दिव्यांग लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में करीब 2 करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन और लगभग 1.53 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव से जोड़ते हुए कहा कि पारदर्शी व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

Tags:    

Similar News