Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Crime : आभूषण कारोबारी से लूट की साजिश दुकान के अंदर ही रची गई, मालिक का बेटा और सेल्समैन गिरफ्तार

अयोध्या के मकबरा इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी का बैग छीना था, पुलिस ने 30 से 35 लाख रुपये कीमत के 306 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

UP Crime : आभूषण कारोबारी से लूट की साजिश दुकान के अंदर ही रची गई, मालिक का बेटा और सेल्समैन गिरफ्तार
X

UP Crime : अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आभूषण कारोबारी से हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस दुकान पर कारोबारी जेवर दिखाने पहुंचे थे, उसी दुकान के मालिक के बेटे और सेल्समैन ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।

मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के मकबरा इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम अमृतसर निवासी आभूषण व्यवसायी सुखविंदर सिंह ई-रिक्शा से होटल जा रहे थे। इसी दौरान मकबरा से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण रखे थे।

दुकान से ही रची गई लूट की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि सुखविंदर सिंह घटना वाले दिन अयोध्या की कई दुकानों पर आभूषण दिखाने गए थे। इनमें शिवगंगा नाम की दुकान भी शामिल थी। आरोप है कि इसी दुकान के मालिक के बेटे रौनक सिंह और सेल्समैन अभिषेक सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। कारोबारी के दुकान से निकलने के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और सुनसान जगह देखकर बैग छीन लिया।

306 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर रौनक सिंह और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटे गए करीब 306 ग्राम सोने के आभूषण भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये बताई गई है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire