वृंदावन। वराह घाट क्षेत्र स्थित गऊ कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार सुबह 25 वर्षीय साधक दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। साथी साधक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कमरे से डायरी और ग्राइंडर मिला

पुलिस के अनुसार, दीपक जबलपुर के रहने वाले थे और करीब दो साल से संत प्रेमानंद महाराज के परिकर में शामिल थे। पुलिस को उनके कमरे से एक डायरी और खून लगा ग्राइंडर मिला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और ग्राइंडर से फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं।

प्राइवेट पार्ट कटा मिला, जांच कई एंगल से

अस्पताल में जांच के दौरान दीपक का प्राइवेट पार्ट कटा हुआ मिला। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि यह चोट घटना से पहले लगी या बाद में। सीढ़ियों पर भी खून के निशान मिले हैं, जिनके नमूने फॉरेंसिक टीम ने लिए हैं। पुलिस फिलहाल सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

CCTV और मोबाइल खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में दीपक के चौथी मंजिल से छलांग लगाने की जानकारी सामने आई है। अब उनके मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले उनकी किससे बातचीत हुई थी। आश्रम में रहने वाले अन्य साधकों से भी पूछताछ की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस ने आश्रम और आसपास के CCTV फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Tags: