फर्जी आईपीएस बनकर शादी रचाने की कोशिश, सगाई टूटने के बाद पुलिस हिरासत में, ऐसा हुआ खुलासा...
पुलिस ने सुनील को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-02 06:01 GMT
Fraud News : जयपुर। दुनिया में बड़े-बड़े फर्जीवाड़े की खबरें आए दिन सामने आती हैं, लेकिन हाल ही में उत्तराखंड के मसूरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने शादी के लिए खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लड़की और उसके परिवार को धोखा दिया। जयपुर के प्रागपुरा इलाके में रहने वाला सुनील कुमार, जो मसूरी की एक किराना दुकान पर काम करता था, ने खुद को राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल, फिर अलवर में इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी और आखिरकार आईपीएस अधिकारी तक घोषित कर डाला।
Fraud News : सोशल मीडिया पर आईपीएस बनने का नाटक-
सुनील ने लड़की को प्रभावित करने के लिए मसूरी स्थित आईपीएस ट्रेनिंग सेंटर के बाहर जाकर तस्वीरें खींचीं और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दिया। उसकी ये चाल काम कर गई, और लड़की के परिवार ने उसे आईपीएस मानकर उसकी सगाई के लिए हां कर दी। दोनों की सगाई हो भी गई।
Fraud News : सच सामने आने पर टूटी सगाई-
इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश तब हुआ जब सुनील ने लड़की के भाई और दोस्तों को घुमाने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मसूरी के स्थानीय लोगों ने खुलासा किया कि वह वास्तव में एक सरकारी अधिकारी नहीं है, बल्कि किराने की दुकान पर काम करता है। असलियत जानने के बाद लड़की के परिवार ने तुरंत सगाई तोड़ दी और प्रागपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
Fraud News : धोखाधड़ी का मामला दर्ज, पूछताछ जारी-
लड़की के पिता बद्री प्रसाद चौहान ने बताया कि सगाई तोड़ने के बाद जब उन्होंने सुनील से सगाई में दिया गया सामान लौटाने की मांग की, तो उसने मना कर दिया। इसके बाद लड़की के परिवार ने सुनील कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने सुनील को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।