Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : नकाबपोश महिला ने ज्वेलर्स दुकान से उड़ाया 28 लाख का सोना, दुकानदार को कमरे में बंद कर वारदात को दिया अंजाम

नर्मदापुरम के सराफा बाजार स्थित राज ज्वेलर्स में जेवर खरीदने के बहाने पहुंची महिला ने दुकानदार को कमरे में बंद कर 200 ग्राम सोना चुराया, वारदात CCTV में कैद, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी।

MP Crime : नकाबपोश महिला ने ज्वेलर्स दुकान से उड़ाया 28 लाख का सोना, दुकानदार को कमरे में बंद कर वारदात को दिया अंजाम
X

MP Crime : नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर के सराफा बाजार में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां हरे रंग की साड़ी और चेहरे पर कपड़ा बांधकर पहुंची एक महिला ने ज्वेलर्स दुकान से करीब 28 लाख रुपये कीमत का 200 ग्राम सोना पार कर दिया। महिला की यह पूरी करतूत दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 1 बजे सराफा बाजार स्थित राज ज्वेलर्स की है। दुकान मालिक आशीष जैन के अनुसार, करीब 25 वर्षीय महिला जेवर खरीदने के बहाने दुकान में पहुंची। उसने कुछ डिजाइन देखने के बाद और नए डिजाइन दिखाने को कहा।

इसी दौरान जब दुकानदार अन्य जेवर लेने के लिए अंदर के कमरे में गए, तो महिला ने बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी। इसके बाद काउंटर पर रखा करीब 200 ग्राम सोना समेटकर वह मौके से फरार हो गई। कुछ देर बाद दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई।

घटना सामने आने के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। व्यापारियों ने पहले कोतवाली थाने और फिर एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जताई।

कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला के मुताबिक, CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने फुटेज सोशल मीडिया और आसपास के जिलों में भी साझा किए हैं। फिलहाल आरोपी महिला की तलाश जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire