Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Crime : विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर विवाद के बाद गोलीबारी, तीनों घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, मुख्य आरोपी हिरासत में, पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद।

UP Crime : विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
X

UP Crime : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अवैध पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

चबूतरा और कार पार्किंग को लेकर विवाद की बात आई सामने

शुरुआती जानकारी में बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनाने को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। वहीं, पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, घटना कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गोलीबारी की घटना हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी (62), शिवेन्द्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) के रूप में हुई है। सुयश, शिवाजी तिवारी के परिवार से था। गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

सीने और सिर में लगी थी गोली

घटना के बाद घायलों को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टर प्रेमराज सिंह के मुताबिक, एक व्यक्ति के सीने में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य के सिर में गोली लगने की चोट थी। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।

मुख्य आरोपी हिरासत में, पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में ले लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire