AI स्किल्स बढ़ाने का मौका: IIT कानपुर ने लॉन्च किया 6 महीने का ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम, नौकरी के साथ करें पढ़ाई; जानें योग्यता और फीस

AI

Update: 2026-08-01 09:50 GMT

नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर ने वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए 'एडवांस्ड डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग फॉर बिजनेस एनालिटिक्स' नाम से 6 महीने का ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किया है। यह कोर्स 3 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। इसका उद्देश्य नौकरीपेशा लोगों को AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस की नई तकनीकों से जोड़ना है, ताकि वे अपने करियर में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

क्या सीखने को मिलेगा?

इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पायथन, R प्रोग्रामिंग, डेटा एनालिसिस, डेटा विजुअलाइजेशन, मशीन लर्निंग, बिजनेस एनालिटिक्स और जनरेटिव AI की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही इंडस्ट्री आधारित प्रोजेक्ट और बिजनेस केस स्टडी के जरिए वास्तविक समस्याओं को हल करने का अनुभव भी मिलेगा। हर सप्ताह 3 घंटे की लाइव ऑनलाइन वीकेंड क्लास होगी और पूरे कोर्स में कुल 60 घंटे की पढ़ाई कराई जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 55% अंकों के साथ स्नातक करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 3 साल या उससे अधिक कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए ग्रेजुएशन में 40% अंक होना पर्याप्त है। संस्थान ने 3 महीने का एग्जिट विकल्प भी दिया है। बीच में कोर्स छोड़ने वालों को भागीदारी प्रमाणपत्र मिलेगा।

फीस कितनी है?

आवेदन शुल्क 1,000 रुपये (18% GST अतिरिक्त) रखा गया है। पूरे कोर्स की फीस 85,000 रुपये + 18% GST है। फीस दो किस्तों में जमा की जा सकती है, जिससे नौकरीपेशा उम्मीदवारों को सुविधा मिले।

Tags:    

Similar News