Rajasthan: जयपुर में नंदपुरी रोड पर 'ऑपरेशन 80 फीट' शुरू, अतिक्रमण हटाने लगे 22 जेसीबी, इंटरनेट भी बंद

By :  Vpb
Update: 2026-06-08 09:24 GMT

Rajasthan: जयपुर: राजधानी जयपुर में कृष्णा मार्ग चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क सीमा में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों सहित अन्य अवैध निर्माणों को हटाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जयपुर के अलावा आसपास के कई जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

पूरे इलाके को किया गया सील

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई स्थल के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सील कर दिया गया है। आम नागरिकों और मीडिया की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है। संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास की इमारतों की छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

22 जेसीबी मशीनों से हटाया जा रहा अतिक्रमण

प्रशासन की निगरानी में करीब 22 जेसीबी मशीनें अतिक्रमण हटाने के कार्य में लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सड़क की मूल चौड़ाई 80 फीट है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर यह 25 से 30 फीट तक सिमट गई थी।

इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक

अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने कुछ क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अधिकारियों का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

Tags:    

Similar News