Top
Begin typing your search above and press enter to search.

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को फिर मिली जान से मारने की धमकी, विदेशी नंबरों से आए धमकी भरे कॉल

हत्या की साजिश का खुलासा होने के करीब 20 दिन बाद आया फोन; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, एस्कॉर्ट वाहन भी दिया

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को फिर मिली जान से मारने की धमकी, विदेशी नंबरों से आए धमकी भरे कॉल
X

जयपुर: राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि 11 अक्टूबर को विदेशी नंबरों से तीन बार फोन आए। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू विश्नोई के नाम से बताया और ऑडियो संदेश के जरिए धमकी दी। लोढ़ा ने सुमेरपुर सदर थाने में FIR दर्ज कराई है।

पहले भी सामने आई थी हत्या की साजिश

करीब 20 दिन पहले लोढ़ा की हत्या की कथित साजिश का खुलासा हुआ था। पुलिस जांच में हरियाणा के साहिल का नाम सामने आया था। आरोप है कि शूटरों ने शिवगंज के पास पालड़ी जोड़ स्थित लोढ़ा के फार्म हाउस की रेकी की थी। संदिग्धों के सिरोही के एक होटल में ठहरने की जानकारी भी सामने आई थी।

झाड़ियों में मिले विदेशी हथियार

जांच के दौरान पाली जिले के ढोला गांव के पास हाईवे से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में छिपाए गए विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और हथियारों के संबंध की जांच कर रही है।

पुलिस के सामने नई चुनौती

पहले साजिश का खुलासा होने के बाद लोढ़ा की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। अब दोबारा धमकी मिलने पर उन्हें एस्कॉर्ट वाहन भी दिया गया है। पुलिस कॉल के स्रोत, धमकी देने वाले की पहचान और पहले सामने आए संदिग्धों से संभावित संबंधों की जांच कर रही है। फिलहाल धमकी देने वाले की वास्तविक पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire