झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आई मशीन; 8 मजदूरों की मौत
11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन

जयपुर: झुंझुनूं जिले के छापोली में बड़ा हादसा हो गया है। सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। यहां कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क बनाई जा रही थी। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। मौके पर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
8 मजदूरों की मौत, 3-4 गंभीर घायल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 8 मजदूरों की मौत की खबर है। वहीं, 3 से 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की गई। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण, अधिकारी रवाना
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। झुंझुनूं के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य के साथ हादसे की परिस्थितियों का जायजा ले रही है।
CM भजनलाल और गहलोत ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, अशोक गहलोत ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है।
संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) November 2, 2026


