Pune : पुणे में बड़ा हादसा : बारिश के बीच 3 मंजिला इमारत ढही, 15 से ज्यादा लोग मलबे में दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

By :  Dev Verma
Update: 2026-07-08 11:12 GMT

Pune : पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में बुधवार को भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। मोशी इलाके में स्थित एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कचरा डिपो के पास जमा कचरे का विशाल ढेर बारिश के कारण खिसककर इमारत पर गिर गया, जिससे पूरा भवन ढह गया। हादसे के समय इमारत के अंदर मौजूद 15 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

Pune : भारी बारिश और कचरे के दबाव से गिरी इमारत

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह इमारत पुराने कचरे के बड़े ढेर के पास स्थित थी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कचरे का ढेर कमजोर हो गया और अचानक खिसककर इमारत से टकरा गया। कचरे के भारी दबाव की वजह से तीन मंजिला भवन पूरी तरह धराशायी हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत का इस्तेमाल एक निजी कंपनी के प्रशासनिक कार्यालय के रूप में किया जा रहा था, जो नगर निगम के लिए कचरा प्रबंधन और निपटान का काम करती थी। 16 कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय कार्यालय में करीब 16 कर्मचारी मौजूद हो सकते थे। इनमें से कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हालांकि, राहत अभियान पूरा होने के बाद ही वास्तविक स्थिति और नुकसान का पता चल सकेगा।

Pune : NDRF और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और आपदा राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। इसके बाद NDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। बचाव दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। भारी बारिश के बीच राहत कार्य में चुनौतियां भी सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है।

Pune : महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई, ठाणे, नासिक समेत कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पुणे घाट और आसपास के पहाड़ी इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Tags:    

Similar News