Pm Modi Offers Melody To Giorgia Meloni: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के इटली दौरे के दौरान दिया गया एक खास गिफ्ट अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) को भारतीय कंपनी पार्ले की मशहूर ‘Melody’ चॉकलेट गिफ्ट की, जिसका वीडियो मेलोनी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल होते ही इस पर सियासत शुरू हो गई।

राहुल गांधी का हमला

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “आर्थिक संकट सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि पीएम रील बना रहे हैं।” राहुल गांधी ने इसे “नेतृत्व नहीं, नौटंकी” बताया।

सोशल मीडिया पर फिर ट्रेंड हुआ ‘Melodi’

इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। वीडियो में दोनों नेताओं के बीच हल्का-फुल्का और दोस्ताना माहौल दिखाई दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर ‘Melodi’ हैशटैग फिर ट्रेंड करने लगा। यह शब्द मोदी और मेलोनी के नामों को जोड़कर बनाया गया है, जो पहली बार 2023 में दुबई में आयोजित COP-28 सम्मेलन के दौरान चर्चा में आया था।


क्यों अहम है इटली दौरा?

प्रधानमंत्री मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। इस दौरे में भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो रही है। इटली यूरोप का महत्वपूर्ण देश माना जाता है और वेटिकन सिटी की मौजूदगी इसे वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व देती है।

Tags: