Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

cm-vishnudev-meets-pm-modi: पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बस्तर विकास का रखा रोडमैप

cm-vishnudev-meets-pm-modi: पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बस्तर विकास का रखा रोडमैप
X

यूरिया प्लांट, आयुर्वेद संस्थान और 461 गांवों में स्थायी बिजली के लिए केंद्र से मांगा सहयोग


cm-vishnudev-meets-pm-modi: नई दिल्ली/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर अंचल के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने राजनांदगांव में 10,500 करोड़ रुपये की लागत से गैस आधारित यूरिया प्लांट की स्थापना, रायपुर अथवा बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (एआईआईए) खोलने तथा सुरक्षा कारणों से अब तक ग्रिड से नहीं जुड़े 461 गांवों में स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: बस्तर में योजनाओं से 39 लाख लोगों को लाभ

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि 'नियद नेल्ला नार 2.0' और 'बस्तर मुहिम' के माध्यम से बस्तर के 5,542 गांवों में सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे करीब 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राशन, आयुष्मान भारत, जनधन, वनाधिकार और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 421 बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। ओरछा और जगरगुंडा में नई एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम मेडिकल कॉलेज के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: सड़क, रेल और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार

साय ने कहा कि बस्तर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़क, रेल, बिजली और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने 3,513 करोड़ रुपये की लागत वाली जगदलपुर-रावघाट रेललाइन, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे, इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित बैराज परियोजना और जगदलपुर से हवाई सेवाओं के विस्तार की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: पर्यटन और खेल को मिल रही नई पहचान

मुख्यमंत्री ने बस्तर दशहरा को वैश्विक पर्यटन ब्रांड के रूप में विकसित करने, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा बस्तर ओलंपिक में चार लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से बस्तर की सकारात्मक पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: आठ लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, नए उद्योगों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 लागू होने के बाद राज्य को लगभग आठ लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एआई डेटा सेंटर पार्क, सेमीकंडक्टर प्लांट, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, ग्लोबल बीपीओ, गारमेंट, चॉकलेट निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और इंट्राऑक्यूलर लेंस जैसे नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स में नियामकीय एवं संस्थागत माहौल के लिए छत्तीसगढ़ को देश में पहला स्थान मिला है तथा राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 लागू किया गया है।

cm-vishnudev-meets-pm-modi: महिला सशक्तिकरण और सुशासन पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लक्ष्य से अधिक 10.42 लाख महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाया जा चुका है और अगले चरण में 14 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित लखपति दीदी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण भी दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य के 500 करोड़ रुपये के एआई मिशन, बेहतर वित्तीय प्रबंधन, जीएसटी एवं खनिज राजस्व में वृद्धि, टिन और लिथियम ब्लॉकों की नीलामी तथा सेवा सेतु पोर्टल, स्वत: नामांतरण और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी सुशासन संबंधी पहलों की भी जानकारी दी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्र सरकार का सकारात्मक सहयोग मिलेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire