राजधानी को आईटी हब बनाने एनआरआई फारूखी ने सीएम से की मुलाक़ात, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर भी सौंपा ज्ञापन

By :  Vpb
Update: 2024-11-28 02:01 GMT

भोपाल। मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव देश से लेकर विदेश तक उद्योगपतियों से चर्चा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा के तहत ब्रिटेन में है। उन्होंने लंदन में प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की। उसी दौरान सात समुद्र पार से भोपाल में आईटी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर कार्य कर रहे ब्रिटिश नागरिक और एयर कनेक्टिविटी फॉर भोपाल डेवलपमेंट (एएफबीडी) ग्रुप के फाउंडर एनआरआई आबिद फारूखी ने सीएम से भेंट कर निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव रखा।

इस दौरान फारूखी ने भोपाल के राजा भोज अंतरराष्ट्रीय विमानतल से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू करने की मांग को लेकर भी सीएम से चर्चा कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भोपाल से सीधे दुबई, शारजाह, हांगकांग के साथ कोलकाता, चेन्नई,गोवाहटी की फ्लाइट शुरू करने की मांग की गई। सीएम ने आश्वस्त किया की इस विषय पर सम्बंधित एयरलाइन्स के साथ राज्य सरकार जल्द ही चर्चा करेगी।

सीएम से मुलाकात के दौरान फारूकी ने भोपाल में आई टी कंपनी स्टार्ट-अप शुरू करने को लेकर अपना प्रस्ताव रखा। उन्होंने सीएम को बताया की आईटी सेक्टर में रोज़गार, स्किल एंड एडवांस डेवलपमेंट ट्रेनिंग के साथ फ्रेश इंजीनियर ग्रेजुएट्स को कैंपस प्लेसमेंट मुहैया कराये जाएंगे। इस मौके पर उनकी उनकी पत्नी सायमा और बेटी अदीना ने मुख्यमंत्री को लंदन ब्रिज का चित्र भेंट किया।


Tags:    

Similar News