PURI RATH YATRA 2026: रथ यात्रा के पहले दिन भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत की खबर, 200 से अधिक घायल

Update: 2026-07-16 13:14 GMT

पुरी। विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 (PURI-RATH-YATRA-2026) के पहले दिन गुरुवार को पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में एक श्रद्धालु की मौत की खबर है, जबकि 200 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं।

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को श्रीमंदिर से बाहर निकालने के दौरान ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर अत्यधिक भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दम घुटने से एक श्रद्धालु बेहोश हो गया, जिसे पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, प्रशासन की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

घटना के बाद स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रभावित श्रद्धालुओं को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर पुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि 200 से अधिक घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है।

रथ यात्रा की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सबसे पहले चक्रराज सुदर्शन को मंदिर से बाहर लाकर देवी सुभद्रा के 'दर्पदलन' रथ पर स्थापित किया गया। इसके बाद 'शून्य पहंडी' परंपरा के तहत देवी सुभद्रा और फिर भगवान जगन्नाथ को रथ पर विराजमान कराया गया। भगवान जगन्नाथ के मंदिर से बाहर आते ही पूरा ग्रैंड रोड 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से गूंज उठा।

इस बीच, रथ यात्रा को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी बारिश और जलभराव की आशंका के मद्देनजर पुरी नगर निगम (PMC) और आवास एवं शहरी विकास विभाग ने 24 घंटे निगरानी और आपातकालीन टीमें तैनात की हैं।

बता दें कि पिछले 24 घंटों में पुरी में लगभग 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने भी क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Tags:    

Similar News