Dakshineswar Railway Station: कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन की डाउन लाइन पर लगा ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार अचानक टूट गया। उस समय प्लेटफॉर्म पर ट्रेन खड़ी थी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। तार टूटते ही तेज आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

चिंगारियां देखकर भागे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के तार से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। यह देखते ही प्लेटफॉर्म और ट्रेन में मौजूद लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कुछ समय के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिए संबंधित ट्रैक की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई और क्षतिग्रस्त ओवरहेड तार की मरम्मत शुरू कर दी गई। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन भी प्रभावित रहा।

जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तार टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ओवरहेड बिजली लाइनों की जांच और रखरखाव को और मजबूत किया जाएगा।

Tags: