Akhilesh Yadav in Parliament: नई दिल्ली: लोकसभा में मंगलवार को लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इसी का नतीजा है।

'सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए'

जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए।" उन्होंने कहा, "एक प्रधान जी को हटाकर आपने (भाजपा) प्रधानमंत्री बचा लिया।" उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी एकजुटता ने सरकार को फैसले बदलने पर मजबूर किया।

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कहा, "जो लोग चढ़ावा को चोरी होने से नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने एनटीए में आउटसोर्स व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा, "डर लगता है कि कहीं पूरी सरकार को आउटसोर्स न कर दिया जाए।"

स्कूल बंद करने का लगाया आरोप

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए, जिससे गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई।

कानून नहीं, नीयत पर सवाल

अपने भाषण के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि केवल नया कानून बनाने से पेपर लीक नहीं रुकेगा। उनके अनुसार, "अगर शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी तो तरक्की भी पक्की होगी।" उन्होंने सरकार से छात्रों की सभी मांगों को पूरा करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।

Tags: