CWC बैठक में बड़ा फैसला: वंदे मातरम् के सिर्फ शुरुआती दो पैरा गाएगी कांग्रेस, राम मंदिर चंदा चोरी पर देशभर में प्रदर्शन का एलान

गोवा में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान दो छंद गाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना...

Update: 2026-08-19 15:34 GMT

CWC: नई दिल्ली: कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने वंदे मातरम् को लेकर पार्टी के 1937 के पुराने रुख को बरकरार रखा है। बुधवार को हुई बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस के कार्यक्रमों और सार्वजनिक सभाओं में राष्ट्रीय गीत के पहले दो छंद ही गाए जाएंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह फैसला अक्टूबर 1937 में कांग्रेस की ओर से लिए गए निर्णय के अनुरूप है।

1937 के फैसले को ही आगे बढ़ाएगी कांग्रेस

कांग्रेस के मुताबिक, 1937 में वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण को लेकर चर्चा हुई थी। इसके बाद सार्वजनिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में पहले दो छंदों को ही गाने का निर्णय लिया गया था। पार्टी का कहना है कि शुरुआती दो छंद व्यापक और समावेशी भाव को व्यक्त करते हैं, जबकि बाद के हिस्सों में धार्मिक और पौराणिक संदर्भ आते हैं।

खरगे ने BJP पर साधा निशाना

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब वंदे मातरम् के संस्करण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद चल रहा है। गोवा में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान दो छंद गाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना की थी। खरगे ने इसका जवाब देते हुए कहा, “मैंने वही 'वंदे मातरम्' गाया जो महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू ने गाया... वही गीत जो वल्लभभाई पटेल और अटल बिहारी वाजपेयी ने गाया। अगर यह अपराध है, तो गांधीजी, नेहरू और वल्लभभाई पटेल के खिलाफ मामला दर्ज करें।”

राम मंदिर चंदे का मुद्दा गांव-गांव ले जाएगी कांग्रेस

CWC बैठक में राम मंदिर से जुड़े चंदे के कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। केसी वेणुगोपाल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा, “राम मंदिर का इस्तेमाल लोगों को ध्रुवीकृत करने वाले लोग अब पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं।” कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस समितियों को इस मुद्दे को गांव और पंचायत स्तर तक ले जाने और प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं।

800 शहरों में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

बैठक में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी रणनीति बनाई गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। पार्टी के मुताबिक अब ऐसे कार्यक्रम 800 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शिक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर रोडमैप तैयार करने को कहा गया है।

महिला आरक्षण और जातीय जनगणना पर भी चर्चा

CWC में महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस ने अपना रुख दोहराया। पार्टी की मांग है कि महिलाओं को आरक्षण मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के आधार पर लागू किया जाए। वहीं जातीय जनगणना के फॉर्म में OBC के लिए अलग कॉलम नहीं होने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर सरकार से स्पष्ट जवाब मांगेगी।

अरुणाचल प्रदेश और ‘शुद्धीकरण’ मुद्दे पर भी रणनीति

बैठक में अरुणाचल प्रदेश में चीन से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस ने सरकार पर ‘सरेंडर पॉलिसी’ अपनाने का आरोप लगाया। इसके अलावा उत्तराखंड में खरगे के कार्यक्रम के बाद हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की।

88 नेताओं ने लिया हिस्सा

नई दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई CWC बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की। बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। वेणुगोपाल के मुताबिक बैठक में 88 नेताओं ने हिस्सा लिया और 33 नेताओं ने चर्चा में अपनी बात रखी।

Tags:    

Similar News