Delhi: दिल्ली में निर्भया कांड जैसी वारदात: 47 किमी तक चलती बस में 16 साल की छात्रा से दरिंदगी, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है।
Delhi: नई दिल्ली: नई दिल्ली में 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा से स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक घटना 4 अगस्त की रात की है। छात्रा ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही थी। मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है।
रास्ता पूछने पर बस में बैठाया
पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है। वह मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए निकली थी और नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाना चाहती थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ते में गलत जगह उतर गई। इसके बाद उसने एक स्लीपर बस रोककर सेक्टर-63 जाने का रास्ता पूछा। कंडक्टर ने उसे वहां पहुंचाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
बस में कोई दूसरी सवारी नहीं थी
पुलिस के अनुसार, बस में कोई अन्य यात्री नहीं था। आरोप है कि बस चलने के बाद कंडक्टर ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू की और बाद में ड्राइवर-कंडक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। करीब 47 किलोमीटर सफर के बाद छात्रा को कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर उतारकर आरोपी फरार हो गए।
CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है।
बस की फोरेंसिक जांच होगी
पुलिस के अनुसार बस को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।